Chief Editor

Dharmendra Singh

Office address -: hanuman colony gole ka mandir gwalior (m.p.) Production office-:D304, 3rd floor sector 10 noida Delhi Mobile number-: 9806239561, 9425909162

May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031
May 16, 2026

सच दिखाने की हिम्मत

पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर को ग्वालियर में होगी ऐतिहासिक ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश – ग्रोथ समिट’

पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर को ग्वालियर में होगी ऐतिहासिक ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश – ग्रोथ समिट’
केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अन्य विशिष्ट व्यक्तियों की उपस्थिति में होगा यह भव्य आयोजन
लगभग 2 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों से जुड़ी परियोजनाओं का होगा सामूहिक भूमि पूजन एवं लोकार्पण
अटलजी के दूरदर्शी नेतृत्व, औद्योगिक दृष्टि तथा उनसे प्रेरित मध्यप्रदेश की विकास यात्रा पर केन्द्रित प्रदर्शनी होगी आकर्षण का केन्द्र
निवेश से रोजगार का अटल संकल्प व विकास की नई दिशा पर केन्द्रित होगी समिट
नवीन रोजगार प्राप्त युवाओं से सीधा संवाद भी होगा
ग्वालियर 24 दिसम्बर 2025/ ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर में भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसम्बर को ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश – ग्रोथ समिट’ का भव्य आयोजन होगा। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री की विशेष मौजूदगी में आयोजित होने जा रही यह समिट ग्वालियर के लाड़ले सपूत अटल जी के विकासवादी विचारों को समर्पित है और यह समिट प्रदेश की औद्योगिक उपलब्धियों, निवेश विश्वास और रोजगार-केंद्रित विकास मॉडल को सशक्त रूप में प्रस्तुत करेगी। इस दौरान लगभग 2 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्तावों से जुड़ी परियोजनाओं का सामूहिक भूमि पूजन एवं लोकार्पण भी होगा। ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश – ग्रोथ समिट’ 25 दिसम्बर का आगाज प्रात: 11.30 बजे विशिष्ट अतिथि एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के आगमन के साथ होगा। समिट में प्रतिभागियों का आगमन प्रात: 9 बजे से शुरू हो जायेगा।
राज्य शासन के औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने जा रही इस समिट में केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल, जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चेतन्य काश्यप सहित प्रदेश सरकार के मंत्रिगण श्री नारायण सिंह कुशवाह, श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व श्री राकेश शुक्ला और सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगण शामिल होंगे।
‘अभ्युदय मध्यप्रदेश – ग्रोथ समिट’ आयोजन स्थल पर थीमैटिक एवं स्मृति प्रदर्शनी में अटलजी के दूरदर्शी नेतृत्व, औद्योगिक दृष्टि तथा उनसे प्रेरित आज के मध्यप्रदेश की विकास यात्रा को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही एमएसएमई, महिला उद्यमिता, युवा कौशल, स्टार्ट-अप और क्षेत्रीय औद्योगिक संभावनाओं को भी विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों के आगमन के बाद समिट की शुरूआत होगी। आरंभ में अतिविशिष्ट एवं विशिष्ट व्यक्ति प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके बाद मुख्य मंच पर पहुँचकर पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
समिट में कार्यक्रम-आधारित ऑडियो-विजुअल (AV) प्रस्तुति तथा ‘कॉफी-टेबल बुक’ का विमोचन किया जाएगा, जो प्रदेश की औद्योगिक यात्रा, नीतिगत सुधारों और निवेश उपलब्धियों को रेखांकित करेगी।
रोजगार सृजन को केंद्र में रखते हुए, उच्च रोजगार सृजन करने वाले उद्योगों के उद्यमियों का सम्मान भी समिट में किया जाएगा। इसी क्रम में उद्योगपतियों के उदबोधन तथा नवीन रोजगार प्राप्त युवाओं से सीधा संवाद भी होगा। इस संवाद से निवेश-रोजगार के धरातलीय प्रभाव सामने आएंगे।
महत्वपूर्ण चरण में, नए औद्योगिक क्षेत्रों एवं अन्य प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन, भूमिआवंटन/एलओआई वितरण तथा प्रोत्साहन राशि का वितरण किया जाएगा। इसी क्रम में ई-जीरो एफ.आई.आर. का शुभारंभ एवं इससे संबंधित ऑडियो-वीडियो प्रदर्शन भी किया जाएगा, जो प्रशासनिक सुधारों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। समिट में मध्यप्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निवेश परिवेश और भविष्य की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला जाएगा।
इस अवसर पर केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रेरक उदबोधन के माध्यम से प्रदेश के विकास रोडमैप, निवेश-अनुकूलनीतियों और रोजगार-आधारित विकास के अटल संकल्प का सशक्त संदेश देंगे।
‘अभ्युदय मध्यप्रदेश – ग्रोथ समिट’ निवेशकों, उद्योग जगत, युवाओं और शासन के बीच संवाद को मजबूती देते हुए मध्यप्रदेश को निवेश और रोजगार का अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।