ग्वालियर में पंच दिवसीय गीता ज्ञान यज्ञ कल से
ग्वालियर। शहर के लक्ष्मी बाई कॉलोनी स्थित कम्युनिटी हॉल में आगामी 10 अप्रैल से 14 अप्रैल 2026 तक पंच दिवसीय गीता ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस आध्यात्मिक आयोजन का उद्देश्य जन-जन तक श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान, उसके जीवनोपयोगी संदेश और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है।
यह आयोजन वैशाख कृष्ण पक्ष की अष्टमी (शुक्रवार) से द्वादशी (मंगलवार) तक, विक्रम संवत 2083 के अंतर्गत संपन्न होगा। प्रतिदिन सायंकाल 5 बजे से 8 बजे तक गीता स्वाध्याय एवं प्रवचन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम के दौरान अंतिम दिवस 14 अप्रैल को प्रातः विशेष रूप से अखण्ड गीता पाठ, हवन होगा एवं सायं काल प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। इस दिन श्रद्धालु पूरे दिन आध्यात्मिक वातावरण में रहकर गीता के दिव्य संदेश का श्रवण एवं मनन कर सकेंगे।
इस आयोजन में कथा व्यास के रूप में सुप्रसिद्ध गीता मनीषी एवं विश्वगीताप्रतिष्ठानम् के केन्द्रीय महामन्त्री डॉ. विष्णु नारायण तिवारी अपनी ओजस्वी वाणी से गीता के गूढ़ रहस्यों को सरल और व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत करेंगे। उनके प्रवचनों से श्रोताओं को जीवन में धर्म, कर्म और भक्ति के संतुलन को समझने का अवसर मिलेगा। गीता के ज्ञानयोग, कर्मयोग और भक्तियोग के मर्म की सरल व्याख्या की जाएगी।
कार्यक्रम का आयोजन लक्ष्मी बाई कॉलोनी रेजीडेंट्स एसोसिएशन एवं समस्त गीता स्वाध्याय मंडल, ग्वालियर द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। आयोजकों श्री अलकेश त्रिपाठी, इंजी. श्री एस के गुप्ता जी, श्री कालीचरण शर्मा जी, श्री धर्मेन्द्र सिंह जी ने बताया कि इस आयोजन में सभी धर्मप्रेमी नागरिकों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है। देश के विभिन्न भागों से भी गीता प्रेमी सज्जनों का आगमन होगा।
आज के तनावपूर्ण और भौतिकवादी जीवन में गीता का संदेश मानसिक शांति और आत्मबल प्रदान करता है। ऐसे में इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सभी संस्थाओं और नागरिकों को इस गीता ज्ञान को श्रवण करने हेतु आमंत्रित किया जाता है।
🙏
अभिषेक द्विवेदी
जिला संयोजक
विश्वगीताप्रतिष्ठानम्, ग्वालियर (8982626907)

More Stories
ग्वालियर-चंबल की पावन धरा, सांतऊ स्थित राजराजेश्वरी शक्तिपीठ शीतला माता मंदिर के पवित्र प्रांगण में भक्ति की अमृत वर्षा होने जा रही है
पोंडी चोंडी गांव में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी
ग्वालियर चम्बल क्षेत्र की पावन भूमि सांतऊ शीतला माता मंदिर, में सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है