कटनी जंक्शन के बाहर नशेड़ियों का जमावड़ा, यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
कटनी।
कटनी जंक्शन रेलवे स्टेशन के बाहर इन दिनों नशेड़ियों, असामाजिक तत्वों और अपराधी प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्टेशन परिसर के बाहर देर रात तक खुलेआम घूम रहे ये लोग यात्रियों और आम राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी और खतरे का कारण बन चुके हैं। आए दिन मारपीट, लूट, चोरी, चाकूबाजी और विवाद जैसी घटनाएं सामने आने के बावजूद जिम्मेदार पुलिस और रेलवे प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि स्टेशन के बाहर खड़े कुछ ऑटो चालक भी यात्रियों से मनमाना किराया वसूलते हैं। विरोध करने पर मारपीट और अभद्रता तक की घटनाएं सामने आती हैं। कई मामलों में देर रात सुनसान इलाकों में ले जाकर यात्रियों से लूटपाट तक की शिकायतें सामने आई हैं।
यात्रियों का कहना है कि ट्रेन छूटने या गंतव्य तक जल्द पहुंचने की मजबूरी के कारण अधिकांश लोग शिकायत दर्ज नहीं करा पाते, जिसका फायदा अपराधी तत्व लगातार उठा रहे हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि स्टेशन परिसर के सामने जीआरपी थाना, पास में आरपीएफ और कुछ दूरी पर सिटी कोतवाली थाना होने के बावजूद अपराधों पर लगाम नहीं लग पा रही है।
रात के समय स्टेशन के बाहर न तो प्रभावी पुलिस गश्त दिखाई देती है और न ही संदिग्ध लोगों पर कोई सख्त कार्रवाई होती है। यही कारण है कि अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। कई बार चाकूबाजी और फायरिंग जैसी गंभीर वारदातें भी हो चुकी हैं, लेकिन उसके बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कटनी जंक्शन जैसे महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन की यह स्थिति शहर की छवि को खराब कर रही है। कई यात्री तो अब कटनी स्टेशन पर उतरने से भी डरने लगे हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर रेलवे प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ और जिला पुलिस कब जागेगी और स्टेशन के बाहर फैले इस अपराध और नशे के नेटवर्क पर कब सख्त कार्रवाई होगी। यात्रियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभागों को तत्काल संयुक्त अभियान चलाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

More Stories
अंदर सड़ांध और गंदगी जस की तस है और ऊपर से विकास का नकाब पहुंच और पावर के दम पर नियमों की हत्या वार्ड 27 में गंदगी पर ढंका जा रहा विकास, निगम के लाखों पर उठे सवाल, वार्डवासियों ने उठाई गुणवत्ता की आवाज
कटनी जीआरपी का बड़ा एक्शन: शातिर मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3.20 लाख का माल बरामद
कटनी ब्रेकिंग : वार्ड नंबर 19 में ट्रांसफार्मर को लेकर बवाल, वार्डवासियों ने किया विरोध प्रदर्शन