दलितों और वंचितों का विकास सरकार की प्राथमिकता – ऊर्जा मंत्री श्री तोमर

ग्वालियर 24 फरवरी 2024/ प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि भारत का इतिहास रहा है, जब भी देश को जरूरत हुई है, कोई न कोई संत, ऋषि, महान विभूति भारत में जन्म लेते हैं। संत रविदास जी उस भक्ति आंदोलन के महान संत थे, जिन्होंने कमजोर और विभाजित हो चुके भारत को नई ऊर्जा दी। संत रविदास जी ने समाज को आजादी का महत्व भी बताया और सामाजिक विभाजन को पाटने का काम किया। साथ ही ऊंच नीच, छुआछूत, भेदभाव इस सबके खिलाफ आवाज उठाई। ऊर्जा मंत्री ने शनिवार को ग्वालियर में संत शिरोमणि रविदास जयंती पर के अवसर पर संत रविदास नगर लक्ष्मण तलैया पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी, मंडल अध्यक्ष श्री आकाश श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संत रविदास के जीवन चरित्र पर अपने विचार व्यक्त किए।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि संत रविदास जी को मत, मजहब, पंथ, विचारधारा की सीमा में नहीं बांधा जा सकता। संत रविदास जी सबके हैं। उन्होंने कहा कि समानता वंचित समाज को प्राथमिकता देने से आती है। इसलिए जो लोग, वर्ग विकास की मुख्यधारा से जितना ज्यादा दूर रह गए, हमारी सरकार में उन्हें ही केन्द्र में रखकर काम किया है। पहले जिस गरीब को सबसे आखिरी समझा जाता था, सबसे छोटा कहा जाता था, आज सबसे बड़ी योजनाएं उसी के लिए बनी हैं। इससे पहले ऊर्जा मंत्री ने संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने संत रविदास जी को महान संत बताते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर हम समाज के लिए बहुत कुछ कर सकते है।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भाजपा श्री अभय चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा श्री कमल माखीजानी व मंडल अध्यक्ष श्री आकाश श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

More Stories
*श्री राम मारुति महायज्ञ प्रारंभ धर्म ध्वजा लिए कलश यात्रा निकाली*
पुरुषोत्तम मास : शिव महापुराण कथा आज से प्रारंभ*
जयस स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया