
घाटीगाँव विकासखंड के ग्राम सिकरावली में संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
लगभग एक क्विंटल मावा, घी व रिफाइंड तेल किया जब्त, नमूने लेकर जाँच के लिए भेजे
ग्वालियर 23 अक्टूबर 2024/ खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिले में ग्वालियर शहर के साथ-साथ दूर-दराज के इलाकों तक छापामार कार्रवाई कर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जाँच कराई जा रही है। इस कड़ी में एसडीएम घाटीगाँव श्री राजीव समाधिया के निर्देशन में गई राजस्व, पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम सिकरावली में छापामार कार्रवाई कर मावा एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इस दौरान लगभग एक क्विंटल मावा, घी व रिफाइंड तेल जब्त हुआ है।
एसडीएम श्री समाधिया ने बताया कि पुलिस थाना भंवरपुरा से जुड़े ग्राम सिकरावली में संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान राम भजन गुर्जर के यहाँ 30 किलो मावा एवं 10-10 किलो घी व रिफाइन्ड तेल पाया गया। इसी तरह रामवीर गुर्जर, देवेन्द्र गुर्जर व बंटी गुर्जर के यहाँ 15-15 किलो मावा पाया गया। इस प्रकार कुल एक क्विंटल मावा, रिफाइंड व घी सिकरावली गाँव में जब्त हुआ है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने इन सभी खाद्य पदार्थों के विधिवत एवं अलग-अलग नमूने लिए हैं। सभी नमूने जाँच के लिये राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जायेंगे।

More Stories
ग्वालियर-चंबल की पावन धरा, सांतऊ स्थित राजराजेश्वरी शक्तिपीठ शीतला माता मंदिर के पवित्र प्रांगण में भक्ति की अमृत वर्षा होने जा रही है
पोंडी चोंडी गांव में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी
ग्वालियर चम्बल क्षेत्र की पावन भूमि सांतऊ शीतला माता मंदिर, में सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है