Chief Editor

Dharmendra Singh

Office address -: hanuman colony gole ka mandir gwalior (m.p.) Production office-:D304, 3rd floor sector 10 noida Delhi Mobile number-: 9806239561, 9425909162

May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031
May 17, 2026

सच दिखाने की हिम्मत

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने सभी संगठनों, जिलेवासियों एवं मीडिया के प्रति जताया आभार

एहतियातन सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर रही नज़र

संभागीय आयुक्त, आईजी व डीआईजी ने भी रखी निगरानी

ग्वालियर 15 अक्टूबर 2025/ ग्वालियर शहर सहित संपूर्ण जिले में शांति, सदभाव, सामाजिक समरसता एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग देने के लिये कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने सभी जिलेवासियों के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने विभिन्न सामुदायिक, सामाजिक, धार्मिक व व्यवसायिक संगठनों, शांति समिति के सदस्यगणों एवं प्रिंट व इलेक्ट्रोनिक मीडिया के प्रति विशेष रूप से आभार जताया है। साथ ही विश्वास व्यक्त किया है कि सभी जिलेवासी आगे भी अपने जिले में शांति, सदभाव व सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिये एकजुट बने रहेंगे।
सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर 15 अक्टूबर को ग्वालियर में कथित प्रदर्शन संबंधी अफवाहें व भ्रामक खबरें सामने आने के बाद एहतियातन ग्वालियर जिले की सीमाओं सहित सम्पूर्ण जिले में जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा कानून -व्यवस्था एवं शांति बनाये रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस दिन जिले भर में चप्पे -चप्पे पर नज़र रखी गई। कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि यह सुरक्षा व्यवस्था यथावत रहेगी।
बुधवार 15 अक्टूबर को सभी संगठनों के सहयोग एवं जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा किए गए पुख्ता सुरक्षा इंतजामों की बदौलत जिले भर में पूरी तरह शांति, अमन चैन व सोहार्दपूर्ण वातावरण कायम रहा। जिलेवासी हर दिन की तरह अपने नित्य प्रत्य के कामों में संलग्न रहे। ग्वालियर शहर सहित जिले के सभी कस्बों में आम दिनों की तरह बाजार व दुकानें खुली रहीं और लोगों ने जमकर खरीददारी भी की।
संभाग आयुक्त श्री मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविंद कुमार सक्सेना, पुलिस उप महानिरीक्षक श्री अमित सांघी, कलेकटर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह ने प्रात:काल से ही हर गतिविधि पर नजर रखी। एहतियातन कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी सुबह 5 बजे से ही मैदान में पहुंच गए । साथ ही जिला प्रशासन व पुलिस के संयुक्त दल अपने – अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण किया। जिले की सीमाओं पर वाहनों की बारीकी से जाँच भी की गई।
ज्ञात हो सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें सामने आने के बाद संभागीय आयुक्त श्री खत्री एवं पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविंद कुमार सक्सेना के मार्गदर्शन में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सिंह द्वारा विभिन्न संगठनों के साथ पिछले दिनों लगातार बैठकें की गई थीं। इन बैठकों में सभी संगठनों ने एक सुर में स्पष्ट किया था कि 15 अक्टूबर को ग्वालियर जिले में कोई कार्यक्रम नहीं रखा गया है। हम सब आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए एकजुट हैं।