Chief Editor

Dharmendra Singh

Office address -: hanuman colony gole ka mandir gwalior (m.p.) Production office-:D304, 3rd floor sector 10 noida Delhi Mobile number-: 9806239561, 9425909162

May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031
May 17, 2026

सच दिखाने की हिम्मत

मध्यप्रदेश की पत्रकारिता के संत पुरुष प.श्री राजेन्द्र शर्मा की आयु के 75 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवी डॉ केशव पांडे की कलम से।

मध्यप्रदेश की पत्रकारिता के संत पुरुष प.श्री राजेन्द्र शर्मा की आयु के 75 वर्ष पूर्ण होने पर विषेश ग्वालियर के वरिष्ठ पत्रकार डॉ केशव पांडे जी की कलम से।

ग्वालियर, मैं अकिंचन पत्रकारिता के स्टालवर्ट व दिव्य पुरुष श्रद्धेय बड़े भाई साहब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर कलम चलाने वालों की कैटेगरी में नहीं आता हूँ। परन्तु जब स्वदेश भोपाल के कार्यकारी संपादक शिवकुमार विवेक जी का मोबाइल पर फोन और पत्र आया कि आपको श्रध्देय भाई साहब के कर्मशील जीवन के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अमृत विशेष अंक में कुछ लिखना है तो मैंने अपना सौभाग्य समझकर लिखना स्वीकार कर लिया।

श्रद्धेय भाई साहब प. राजेन्द्र जी शर्मा का प्रारंभिक कर्मक्षेत्र ग्वालियर ही रहा और वे ‘दैनिक हमारी आवाज’ से जुड़कर पत्रकारिता में सक्रिय हुए। यही समाचार पत्र बाद में दैनिक स्वदेश में रूपांतरित हुआ, जिसके वे श्रेष्ठ संपादक मुकुटमणि रहे। उन्होंने प्रारम्भ से ही राष्ट्रवादी विचारधारा के लिए अपने आप को समर्पित किया और अनवरत रूप से कार्य करते आ रहे हैं।

लेकिन मैंने अपने छात्रजीवन से आज तक उन्हें एक संत प्रकृति के सच्चे पत्रकार के रूप में ही देखा। वे भले ही एक खास संघ विचारधारा के लिए समर्पित रहे लेकिन अखबार को उन्होंने राष्ट्रीय विचारधारा पर चलाने के साथ साथ अन्य विचारों को कभी दबाया नहीं, यह उनके सम्पादकत्व की एक खास विशेषता रही।

मुझे याद है कि मेरे ही परिवार के एक बड़े भाई श्री नरेन्द्र पांडे जो कि विशुद्ध रूप से कामरेड हैं, उनको भी श्री शर्मा जी ने अपने समाचार पत्र में काम करने का मौका दिया जबकि उनके ऊपर संघ का दवाब था कि आप राष्ट्रीय संघी विचारधारा के अखबार में एक कामरेड से काम क्यों ले रहे हैं? क्या आपको कोई और नहीं मिला? लेकिन श्री राजेन्द्र जी इन सबसे बढ़कर बहुत ऊंचे विचार में रहे, और श्री नरेन्द्र पांडे ने जब तक वहां काम किया एक पत्रकार के रूप में उन्होंने काम लिया ये बहुत मुश्किल काम रहा होगा।

मेरे जैसे तमाम उत्साही युवक उनके पास जब अखबार में कवरेज के लिए सलाह लेने उनके पास जाते थे तो इस विचार को उन्होंने कभी आड़े नहीं आने दिया कि अमुक आदमी हमारी विचारधारा का नहीं है,इसे स्थान क्यों दें। वे इस मामले में खुले दिल दिमाग के सुलझे हुए व्यक्ति रहे । सबके सुख दुख में शामिल होकर मदद करने भी वे सदैव अग्रणी देखे गए।

एक आम आदमी के प्रति भी उनका आदर भाव इतना रहा जितना किसी बड़े आदमी के प्रति था। वे कैलासवासी श्रीमंत राजमाता के अघोषित प्रेस अटैची की तरह थे । अम्मा महाराज उन्हें बहुत प्यार करती थीं।

श्री राजेन्द्र जी के प्रति मेरा एवं निष्पक्ष पत्रकारिता में विश्वास रखने वालों का बहुत सम्मान है। जब स्व. सुंदरलाल पटवा ने अपने स्व.पिताश्री की स्मृति सरकारी खर्चे से कुकड़ेश्वर में कार्यक्रम आयोजित किया तो वे इस पर साफ साफ लिखकर कोपभाजक भी बने। वे सत्ता में बैठे लोगों की आंख की किरकिरी बनने लगे । उन्हें अखबार की दृष्टि से काफी नुकसान भी पहुंचाया गया।

श्री राजेन्द्र शर्मा जी का व्यक्तित्व मेरे हिसाब से राज्यसभा, पद्मश्री के सर्वथा योग्य रहा लेकिन उनकी स्पष्ट वादिता लोगों को नहीं पची। जबकि राज्यसभा ऐसे व्यक्तियों के लिए ही बनाई गई है । लेकिन आज कैसे कैसे लोग राज्यसभा जा रहे हैं और कैसे जा रहे हैं इस पर मैं टिप्पणी नहीं करना चाहता।

श्रध्देय श्री राजेन्द्र जी के 75 वर्ष पूरे होने पर मैं अपनी ओर से हार्दिक बधाइयां देता हूँ। वे शतायु हों और पूरे समाज का ऐसे ही । मार्गदर्शन करते रहें । मैं उन्हें पत्रकारिता जगत का संत मानता हूँ। ऐसे संत पुरुष विरले ही होते हैं। हम सब उनके जीवन के स्वस्थ्य सानन्द रहने की कामना करते हैं।

डॉ. केशव पांडेय
वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवी