जिला ब्यूरो प्रमुख की रिपोर्ट
ग्वालियर : गीता स्वाध्याय मंडल गोले का मंदिर द्वारा काली माता मंदिर हनुमान कॉलोनी में गीता स्वाध्याय का भव्य आयोजन किया गया जिसमें धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच एक विशेष स्वाध्याय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वगीताप्रतिष्ठानम् के केन्द्रीय महामन्त्री डॉ. विष्णु नारायण तिवारी जी ने श्रीमद्भगवद्गीता के 18वें अध्याय के श्लोक 12 से 22 तक के भावपूर्ण एवं विस्तृत विवेचन में बताया कि कोई भी मनुष्य बिना कर्म किए एक क्षण भर भी नहीं रह सकता है। अपने कर्तव्य कर्मों को करते रहना आवश्यक है आसक्ति और फल की इच्छा के त्याग को ही त्याग कहा गया है। किसी भी कर्म में कर्तापन का अहंकार कर्म से बाँधता है। यही संसार में बन्धन का मूल है। उन्होंने कहा कि जो मनुष्य सभी प्राणियों में समभाव रखता है वह ज्ञान सात्विक है और जो सभी प्राणियों को भेद बुद्धि से अलग-अलग देखता है वह राजस ज्ञान है तथा बिना युक्ति और तात्त्विक दृष्टि से रहित जो ज्ञान है वह तुच्छ और तामस कहा गया है। अपने प्रवचन में उन्होंने मोक्ष संन्यास योग के गूढ़ अर्थ को सरल भाषा में समझाते हुए बताया कि गीता का संदेश मानव जीवन को सही दिशा देने वाला है।




कार्यक्रम के दौरान गीता के श्लोकों का मधुर एवं भावपूर्ण गायन डबरा तहसील संयोजक श्री राकेश कुमार भार्गव जी द्वारा किया गया, जिससे उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। वहीं स्वाध्याय पत्रक का वाचन प्रशांत एवं प्रतिज्ञा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विश्वगीता प्रतिष्ठानम्, ग्वालियर जिला की कार्यकारिणी में नई जिम्मेदारियों की घोषणा भी की गई। जिसमें श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह जादौन जी को कोष प्रमुख तथा श्रीमती डॉ मनीषा शर्मा जी को महिला प्रमुख का दायित्व सौंपा गया। साथ ही श्री सीताराम शर्मा जी को गोले का मंदिर गीता स्वाध्याय मंडल, ग्वालियर का संयोजक नियुक्त किया गया।
श्री बृजेंद्र प्रताप सिंह जादौन और श्री राकेश कुमार भार्गव को आचार्य रमेश कुमार पांडेय स्मृति ग्रंथ गीतामृतम् गमय भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विश्वगीता प्रतिष्ठानम् के जिला संयोजक श्री अभिषेक द्विवेदी जी एवं केन्द्रीय मीडिया प्रभारी श्री धर्मेन्द्र सिंह जी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस धार्मिक आयोजन के यजमान श्री दिनेश भदौरिया जी रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गीता के दिव्य ज्ञान का लाभ प्राप्त किया और आध्यात्मिक वातावरण में भागीदारी की।

More Stories
शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर महिलाओं ने सौपा ज्ञापन
होली पर्व के पूर्व बडी मात्रा में अवैध लकड़ी की जप्ती
धाकड़ समाज निःशुल्क सामूहिक विवाह समिति बारह गाँव क्षेत्र राजोद की बैठक सम्पन्न हुई ।